Mangat Ram Bagdi – गुरुग्राम : नगर निगम वार्ड 10 (नया घोषित वार्ड 33) के पूर्व पार्षद और वरिष्ठ भाजपा नेता मंगत राम बागड़ी के प्रयास से बच्चों के आधार कार्ड बनवाने में आ रही समस्या का समाधान हुआ है।
नगर निगम द्वारा बच्चों का सामान्य जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने के कारण आधार कार्ड के लिए सामान्य प्रमाण पत्र को रिजेक्ट किया जा रहा है। लोग काफी परेशान हैं। इसको देखते हुए पूर्व पार्षद मंगत राम बागड़ी ने सरकार के आदेश पर लगाए गए समाधान शिविर में निगमायुक्त अशोक कुमार गर्ग को मांग पत्र सौंप कर नगर निगम के माध्यम से कलर्ड कंप्यूटराइज्ड जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की।
मांग पत्र सौंपते मंगत राम बागड़ी के साथ पूर्व डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया और सुरेंद्र पंडिता भी मौजूद रहे। इस मांग पर तत्काल एक्शन लेते हुए निगमायुक्त ने मौके पर ही इस विभाग के इंचार्ज डॉक्टर आशीष सिंगला से बात की और उन्हें कलर्ड कंप्यूटराइज्ड जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के लिए निर्देशित किया। डॉक्टर आशीष सिंगला ने आश्वासन दिया कि अब बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र कलर्ड कंप्यूटराइज्ड जारी किए जाएंगे।
मंगत राम बागड़ी ने निगमायुक्त को मांग पत्र सौंप कर अवगत कराया कि बच्चों के जन्म पर नगर निगम द्वारा जारी किए जाने वाले सामान्य जन्म प्रमाण पत्र को आधार केंद्रों पर रिजेक्ट किए जा रहे हैं। इसके कारण बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए अभिभावकों को घोर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कभी कहा जाता है कि इस ऑफिस से कंप्यूटराइज जन्म प्रमाण पत्र निकलवाओ तो कभी कहा जाता है कि उस ऑफिस में जाओ। लोगों को कलर कंप्यूटराइज्ड जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त करने में कार्यालयों का चक्कर काटना पड़ रहा है।
मंगत राम बागड़ी ने निगमायुक्त को बताया कि बच्चों के दाखिले के साथ उनके जीवन से संबंधित सभी जरूरी कार्यों में आधार कार्ड अनिवार्य है, जबकि इसको बनवाने के लिए अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, विलंब भी हो जा रहा है। आधार कार्ड समय से ना बन पाने के कारण कुछ बच्चे दाखिले से भी वंचित रह जा रहे हैं।
निगमायुक्त ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए कलर्ड कंप्यूटराइज्ड जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के लिए निर्देशित किया। मंगत राम बागड़ी ने इसके लिए सरकार, प्रशासन और निगमायुक्त को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हम जनता की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह से समर्पित होकर काम कर रहे हैं और आजीवन करते रहेंगे। हमारे वार्ड के नागरिकों के समक्ष जो भी समस्या आएगी, उसका हम तत्काल समाधान कराएंगे।