Viral Sach :- गुरुग्राम, वार्ड 10 के पूर्व पार्षद मंगत राम बागड़ी और पार्षद शीतल बागड़ी के अथक प्रयास से पिछले कई दिनों से बाधित होती रही पेयजल आपूर्ति बहाल हो सकी है। पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के कारणों की छानबीन के लिए मंगत राम बागड़ी और शीतल बागड़ी ने लगातार जीएमडीए और नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क स्थापित रखा। बुधवार को नगर निगम के जेई प्रदीप और सुपरवाइजर कपिल सहित कई कर्मचारियों की टीम के साथ मंगत राम बागड़ी और शीतल बागड़ी ने पाइप लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम की टीम ने बताया कि सेक्टर 4/5 चौक पर मुख्य पेयजल लाइन के वाल्व में खराबी आने के कारण पानी नहीं आ रहा था। कर्मचारियों ने वाल्व की गिरी हुई सीट को सही किया और उसी समय सप्लाई बहाल कर दी गई।
मंगत राम बागड़ी और शीतल बागड़ी ने इसके लिए नगर निगम की टीम को धन्यवाद देते हुए वार्ड के नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह से हमारा समर्पित एवं ईमानदार प्रयास जारी रहेगा। बागड़ी ने बताया कि किन कारणों से पानी की आपूर्ति इतने लंबे समय तक बाधित रही, इसकी जानकारी के लिए हम लगातार नगर निगम और जीएमडीए के अधिकारियों के संपर्क में रहे। गुरुग्राम के लोकप्रिय विधायक सुधीर सिंगला के समक्ष भी समस्या को रखा गया। हर तरफ से बात होने और काफी संघर्ष के बाद बुधवार को नगर निगम की टीम ने विधिवत छानबीन की और समस्या का समाधान हो सका। बागड़ी ने कहा कि जब तक वार्ड में पानी प्रभावित रहा तब तक हमने टैंकर के माध्यम से लोगों को पानी उपलब्ध कराया।
संकट की इस घड़ी में हम पूरी तरह से वार्ड के नागरिकों के साथ खड़े रहे और समस्या के समाधान के लिए प्रयास भी जारी रखा। हमने वार्ड के नागरिकों को सूचित भी किया था कि किसी न किसी कारण अथवा साजिश के तहत आपूर्ति बाधित है और वही सच सामने आया। अंतत: वाल्व की खराबी पकड़ी गई और समस्या का समाधान हो सका। उन्होंने कहा कि हम वार्ड 10 के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संकल्पित और समर्पित हैं और आगे भी रहेंगे।
Tags: Guruugramnews