गुरुग्राम। Gurgaon Vikas Manch – किसी भी सामाजिक संस्था की ताकत उसके सहयोगी होते हैं। सामाजिक संस्थाएं बिना सहयोग के नहीं चलती। इसमें हम सभी का सहयोग हो तो समाज की सेवा को और बेहतर किया जा सकता है।
उक्त विचार भारतीय जनता पार्टी महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने गुडग़ांव विकास मंच की ओर से स्लम केयर फाउंडेशन सूर्या विहार गुडग़ांव में जूते वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए।
संस्था के प्रमुख अजय शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल शर्मा की पुत्रवधू आशा शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गुडग़ांव विकास मंच के वरिष्ठ सदस्य उद्योगपति दिनेश गुप्ता, समाजसेविका पूनम गुप्ता, समाजसेवी मनीष मित्तल, मनी, अजय शर्मा, ब्राह्मण वेलफेयर एसोसिएशन से कृष्ण भारद्वाज दौलताबाद, श्रीराम सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज पाठक, शिक्षाविद मिथलेश शर्मा, गुडग़ांव विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार त्यागी उपस्थित थे।
इस अवसर पर गुडग़ांव विकास मंच की वरिष्ठ सदस्य सुंदरी खत्री, शिवरतन छक्कड़ वशिष्ठ, विकास स्वामी एवं उनकी टीम द्वारा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी का पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि उषा प्रियदर्शी ने कहा कि हमें अपने राष्ट्र के प्रति समर्पित रहना चाहिए। हमें शिक्षा के क्षेत्र में अलग-अलग कार्य करते रहना चाहिए। सामाजिक संस्थाओं की बदौलत ही आज समाज में अच्छे कार्य हो रहे हैं। गुडग़ांव विकास मंच का आज गुडग़ांव में अपना एक नाम है।
इसके लिए टीम व प्रमुख अजय शर्मा बधाई के पात्र हैं। वह निरंतर कई सालों से सामाजिक कार्य कर रहे हैं। उद्योगपति दिनेश गुप्ता ने कहा कि हमें अपने जीवन में दान अवश्य करना चाहिए। हमें हमारे पूर्वजों ने सिखाया है कि अपनी नेक कमाई से कुछ ना कुछ अवश्य दान करें।
समाजसेवी मनीष मित्तल ने कहा कि आज मुझे स्लम केयर फाउंडेशन में छोटे-छोटे बच्चों से मिलने का अवसर मिला है। मेरे लिए बड़ी सौभाग्य की बात है। मैं अपनी नेक कमाई से बच्चों को दो सौ जोड़ी जूते वितरित कर रहा हूं। मैं समय समय गुडग़ांव विकास मंच के माध्यम से और भी सहयोग करूंगा। पूनम गुप्ता ने कहा कि मुझे जरूरतमंद लोगों की सेवा करने में एक अलग ही आनंद आता है।
कार्यक्रम की अध्यक्ष आशा शर्मा ने कहा कि हमें अपने जीवन में विद्यार्थियों के लिए कार्य करने चाहिए। श्रीराम सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज पाठक ने कहा कि देशहित में अवश्य हमें कुछ ना कुछ करना चाहिए। सुंदरी खत्री ने कहा कि हमें अपने बड़ों के दिखाएं मार्ग पर चलना चाहिए। समाज सेवी कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि हमें अपने समाज के लिए काम करने चाहिए।
संस्था के प्रमुख अजय शर्मा ने बताया कि हमने इस वर्ष का रोड मैप तैयार कर लिया है। जिसमें सामाजिक संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे स्कूलों में दानवीरों की सहायता से हर संभव मदद करने का प्रयास करेंगे। हमने अभी तक 22 सरकारी स्कूलों में मदद की है और आगे भी हम मदद करते रहेंगे। इस अवसर पर संस्था के निदेशक शिवरतन वशिष्ठ व विकास स्वामी ने आए हुए अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।