Viral Sach :- गुरुग्राम नगर निगम वार्ड 10 के पूर्व मंगत राम बागड़ी व पार्षद शीतल बागड़ी ने शुक्रवार को गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला को मांग पत्र सौंपकर नागरिकों को भेजे जा रहे प्रॉपर्टी टैक्स नोटिस में की गई विभागीय गलतियों का सुधार नगर निगम के माध्यम से कराने की मांग की। विधायक ने मौके पर ही फोन के माध्यम से निगमायुक्त से बात की। विधायक ने बताया की निगमायुक्त ने गलतियों के संबंध में अवगत करने को कहा है। प्रॉपर्टी आईडी एवं टैक्स से संबंधित जो भी समस्याएं होंगी उनका शीघ्र समाधान होगा।
मंगत राम बागड़ी व शीतल बागड़ी ने विधायक सुधीर सिंगला को सौंपे पत्र में उल्लेख किया है कि नगर निगम द्वारा वार्ड 10 में भेजे गए प्रॉपर्टी टैक्स के अधिकतर नोटिसों में कुछ न कुछ त्रुटि है। किसी के नोटिस में नाम गलत है तो किसी में पता। वहीं अधिकतर लोगों को निर्धारण से अधिक टैक्स के नोटिस भेजे गए हैं। नागरिकों की शिकायत है मकानों के लिए जो नई आईडी तैयार की जा रही है उसके लिए नगर निगम द्वारा अधिकृत की गई एजेंसी द्वारा भारी भरकम सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। वहीं जो आईडी पहले से तैयार है उसमें मकानों और प्लाटों का एरिया हकीकत से अधिक दिखा दिया गया है। अगर किसी के 65 और 78 वर्ग गज के मकान है तो उन्हें 68.55 और 86.75 वर्ग गज दिखा दिया गया है। इस तरह की गलतियां अनेकों आईडी में हैं। इसके कारण ऐसे लोगों का प्रॉपर्टी टैक्स अधिक निर्धारित हो गया है। इस गलती के कारण लोग प्लाटों की खरीद-बिक्री भी नहीं कर पा रहे हैं। कुछ मकानों की आईडी में लोकेशन और मैप गलत दिखाया गया है।
इसके कारण रास्ते और अन्य सार्वजनिक स्थान शो नहीं करते हैं और लोगों को अपने मकान किसी दूसरे को बेचने में भी परेशानी हो रही है। इन त्रुटियों के कारण लोगों का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया पड़ा है और नो ड्यूज न मिलने के कारण उनके जरूरी से जरूरी काम रुके पड़े हैं। नागरिक जब टैक्स संबंधी सुधार कराने के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंच रहे हैं तो उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। पूरे दिन लोग सुधार के लिए नगर निगम कार्यालय पर डटे रहते हैं फिर भी काम नहीं हो पाता है और शाम को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ता है। अधिकतर लोग नौकरी पेशा वाले हैं, इसलिए उनकी अनुपस्थिति में महिलाओं को भी सुधार कराने के लिए कार्यालय पर भटकना पड़ता है। वहीं कर्मचारियों द्वारा लोगों से यह कहा जा रहा है कि जब तक गलतियों का सुधार नहीं होगा तब तक टैक्स नहीं जमा हो सकता। बागड़ी ने विधायक को बताया कि वार्ड के नागरिकों द्वारा शिकायत की जा रही है कि प्रॉपर्टी टैक्स के नोटिसों में गलती सुधारने के लिए भी उनसे सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे नगर निगम और सभी पार्षदों के साथ सरकार की छवि भी खराब हो रही है। वहीं आम नागरिक इसको लेकर काफी परेशान हैं। यह समस्या किसी एक वार्ड की नहीं है बल्कि अधिकतर वार्डों की है। बागड़ी ने मांग रखी कि इसे देखते हुए जनहित में तत्काल इस समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी मांग रखी कि सुधार के लिए सभी वार्डों में नगर निगम के कर्मचारी लगाए जाएं जो पार्षदों की देखरेख में इन गलतियों का सुधार कर सकें। मांग पत्र सौपते समय उनके साथ पूर्व डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया, लेफ्टिनेंट कर्नल वेद प्रकाश, मूल चंद शर्मा, गौरव जैन, संतोष कुमार सिंह व अन्य मौजूद रहे। उन्होंने विधायक सुधीर सिंगला से कहा कि वार्ड 10 की समस्याओं के समाधान में आप समय-समय पर महत्वपूर्ण योगदान निभाते रहे हैं। इसके लिए हम आपको हृदय से धन्यवाद देते हुए आपसे विनम्र आग्रह करते है कि इस विकट समस्या का भी समाधान नगर निगम के माध्यम से कराने की कृपा करें। विधायक ने इसे गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।