गुरुग्राम, (प्रवीन कुमार ) : हरियाणा में भाजपा कार्यकर्ताओं का अब पार्टी से मोहभंग होना शुरू हो गया है। कांग्रेस से भाजपा में गए कार्यकर्ता अब घर वापसी करना शुरू कर दिए हैं। वीरवार को भाजपा को अलविदा करते हुए वरिष्ठ नेता कुलदीप कटारिया अपने साथी सत्ते प्रधान, मनीष शर्मा, देवेश, अमित कटारिया, जय भगवान कटारिया,प्रवीण सहरावत के साथ भाजपा को छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए। इन सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को कांग्रेस व्यापार सेल के चेयरमैन पंकज डावर लेकर हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा के दिल्ली निवास पर पहुंचे, जहां कुमारी शैलजा ने सभी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
भाजपा में शामिल होने पर कुलदीप कटारिया ने कहा कि वह पिछले 20 सालों तक कांग्रेस में रहे। जिस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनी उस समय भाजपा की ओर से न जाने क्या क्या सपने दिखाकर लोगों को गुमराह करने का काम किया गया, लेकिन बीते 7 सालों में भाजपा अपने एक वादों पर भी खरी नहीं उतरी। आज देश में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, चरम पर है। इस सरकार में किसानों के क्या हालत है यह सबके सामने है। पिछले 1 साल से अधिक समय हो गया है किसान सड़कों पर हैं लेकिन इस सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा आने वाला समय कांग्रेस का है। अबकी बार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। वे पूरे हरियाणा में अपने कार्यकर्ताओं के साथ पूरे लगन के साथ कांग्रेस की नीतियों का प्रचार प्रसार करेंगे। इस मौके पर युवा नेता भारत मदान और अमित कोचर भी मौजूद रहे।
Tags: Guruugramnews